लखनऊ: राजधानी के पारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना होते-होते टल गई। डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने तेज रफ्तार से जा रही एक डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा डिवाइडर तोड़ते हुए नहर के ऊपर खतरनाक स्थिति में लटक गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन तेज गति से गुजर रहा था, तभी चालक का नियंत्रण अचानक बिगड़ गया। इसके बाद डीसीएम सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी और उसका अगला हिस्सा नहर की ओर झूल गया। हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल चालक को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। फिलहाल चालक की पहचान और उसकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
राहत की बात यह रही कि डीसीएम पूरी तरह नहर में नहीं गिरी। यदि वाहन नीचे गिर जाता तो हादसा कहीं अधिक गंभीर हो सकता था और जान-माल के बड़े नुकसान की आशंका थी। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
यह खबर भी पढ़े - लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में फिर लगी आग, शॉर्ट सर्किट से मची अफरा-तफरी
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।