उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को ‘सांसद खेल महाकुंभ’ का भव्य शुभारंभ हुआ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सुबह 9:30 बजे के डी बाबू स्टेडियम में दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का आधिकारिक उद्घाटन किया।
इस आयोजन में लखनऊ संसदीय क्षेत्र के हजारों युवा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना है।
प्रतियोगिता के तहत एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, कबड्डी, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, बॉक्सिंग और ताइक्वांडो सहित कुल आठ खेलों का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित की जा रही है, जिसमें लखनऊ की पांचों विधानसभा क्षेत्रों जिसमे की मध्य, पूर्व, पश्चिम, उत्तर और कैंट के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया तथा युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। तीन दिवसीय यह आयोजन 13 से 15 अप्रैल तक चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय खिलाड़ियों की भागीदारी देखने को मिल रही है।