तेज रफ्तार से टूटा परिवार: लखनऊ में हाइवे बना दो युवाओं की कब्र

07 Jul 2025


>राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों को मातम में डुबो दिया। शहीद पथ पर लुलु मॉल के पास तेज रफ्तार कार डिवाइडर से टकरा कर पलट गई, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


>कैंट से पार्टी कर महोबा लौट रहे थे दोस्त


>मृतकों की पहचान दीपेश (22) निवासी खन्ना गांव, महोबा और अंकित (25) निवासी टिकरी गांव, मध्यप्रदेश के रूप में हुई है। दोनों साथ में मार्केटिंग का काम करते थे। हादसे के समय उनके साथ रुद्र नाम का तीसरा दोस्त भी कार में सवार था, जो गंभीर घायल है और इलाज जारी है।


>तीनों दोस्त शनिवार रात को लखनऊ के कैंट स्थित दिलकुशा इलाके में रहने वाले एक दोस्त के यहां पार्टी में शामिल हुए थे। रविवार सुबह करीब 5 बजे जब वे महोबा लौट रहे थे, तभी लुलु मॉल के पास अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई।


>भयानक टक्कर के बाद दो घंटे जाम, पुलिस ने हटवाया मलबा


>हादसे के बाद शहीद पथ पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पहुंची सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया और यातायात को करीब दो घंटे बाद सामान्य कराया।


>घर में पसरा मातम, टूट गए सपने


>मृतक दीपेश के पिता दिनेश कुमार किराना व्यापारी हैं। परिवार में मां गीता देवी और दो भाई नीलेश व शैलेश हैं। वहीं अंकित के पिता जयराम साहू किसान हैं, और परिवार में मां रमावती देवी व भाई आशीष हैं। घायल रुद्र कुछ दिन पहले ही मध्यप्रदेश से लखनऊ आया था।