लखनऊ में बंद मकानों को बनाते थे निशाना, 18 लाख के गहनों संग दो शातिर नकबजन दबोचे

23 Feb 2026

लखनऊ पुलिस के अनुसार अपराध शाखा और थाना मड़ियांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 23 फरवरी को मुखबिर की सूचना पर मड़ियांव पुल के नीचे से लाल रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल के साथ दो आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने बंद पड़े मकानों की पहले रेकी करने और रात के समय ताला या खिड़की तोड़कर घर में घुसकर जेवरात व नकदी चोरी करने की बात स्वीकार की।

 

पुलिस ने करीब 100 ग्राम पीली धातु और लगभग एक किलोग्राम सफेद धातु के आभूषण, दो मोबाइल फोन और ₹8,800 नकद बरामद किए। बरामद सामान के आधार पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई है और वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज किया गया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न थानों में चोरी, शस्त्र अधिनियम और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया है और आगे की जांच जारी है।