अब रॉन्ग साइड चलाना पड़ेगा भारी, लखनऊ के 69 चौराहों पर लगेंगे स्थायी बैरियर, बदल जाएगा ट्रैफिक सिस्टम

11 Jul 2026

राजधानी लखनऊ में रॉन्ग साइड ड्राइविंग, अवैध कट और बेतरतीब यू-टर्न से होने वाले जाम और सड़क हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। शहर के ट्रैफिक सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए पीडब्ल्यूडी 13 ट्रैफिक सर्किलों के 69 प्रमुख चौराहों, तिराहों और मार्गों पर स्थायी सीमेंटेड बैरियर लगाएगा। विभाग ने इसके लिए एस्टीमेट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और अगले एक से दो महीने में काम शुरू होने की संभावना है।

यह योजना यातायात पुलिस के प्रस्ताव पर तैयार की गई है। अधिकारियों का कहना है कि बैरियर लगने के बाद वाहन चालक डिवाइडर पार कर मनमाने तरीके से रॉन्ग साइड नहीं जा सकेंगे। इससे यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने और जाम की समस्या कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

पीडब्ल्यूडी के अनुसार विभिन्न स्थानों पर जरूरत के अनुसार 23 फीट से लेकर 288 फीट तक लंबे स्थायी सीमेंटेड बैरियर बनाए जाएंगे। इनका उद्देश्य उन स्थानों को स्थायी रूप से बंद करना है, जहां से वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर अवैध कट या रॉन्ग साइड का इस्तेमाल करते हैं। अधिकारियों का मानना है कि इससे ट्रैफिक का प्रवाह अधिक व्यवस्थित होगा और चौराहों पर अनावश्यक दबाव भी कम होगा।

योजना के तहत गोमती नगर ट्रैफिक सर्किल के कई प्रमुख स्थानों को शामिल किया गया है। इनमें जयपुरिया तिराहा, शहीद पथ, आईजीपी चौराहा, किसान बाजार यू-टर्न, सिनेपॉलिस मॉल, मटियारी चौराहा, चिनहट फ्लाईओवर, कमता तिराहा, कमता फ्लाईओवर, श्रीराम टावर, सीएमएस स्कूल, हुसैनगंज और महाराणा प्रताप चौराहा प्रमुख हैं।

इसके अलावा अटल चौक (हजरतगंज), विधानसभा के सामने, बर्लिंगटन चौराहा, बादशाहनगर, वायरलेस चौराहा, एसपी कार्यालय, रहीमनगर चौराहा और मल्टीलेवल पार्किंग क्षेत्र भी इस परियोजना का हिस्सा होंगे।

पीडब्ल्यूडी गोसाईंगंज, कैंट, काकोरी, कृष्णा नगर, कैसरबाग, चौक, गाजीपुर, अलीगंज, महानगर, मोहनलालगंज सहित कुल 13 ट्रैफिक सर्किलों में चिन्हित स्थानों पर स्थायी बैरियर लगाएगा। इसके साथ ही कई प्रमुख चौराहों पर जंक्शन सुधार कार्य भी किया जाएगा ताकि यातायात का प्रवाह सुचारु बनाया जा सके।

राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर रॉन्ग साइड ड्राइविंग और अवैध कट लंबे समय से जाम और दुर्घटनाओं का कारण बनते रहे हैं। कई स्थानों पर वाहन चालक कुछ मीटर बचाने के लिए डिवाइडर पार कर गलत दिशा में वाहन चला देते हैं, जिससे सामने से आने वाले वाहनों के साथ टकराव की स्थिति बन जाती है। नई व्यवस्था का उद्देश्य ऐसे अनधिकृत रास्तों को स्थायी रूप से बंद करना है।

प्रांतीय निर्माण खंड-एक के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र नाथ ने बताया कि यातायात पुलिस से स्थायी बैरियर लगाने का प्रस्ताव प्राप्त हो चुका है। 13 ट्रैफिक सर्किलों के 69 स्थानों पर बैरियर निर्माण के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।