सिगरेट को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा, भाजपा युवा मोर्चा नेता की ईंट-पत्थरों से हमला कर हत्या

29 May 2026

 

राजधानी लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र में सिगरेट को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। अयोध्या से दोस्तों के साथ पार्टी करने आए भाजपा युवा मोर्चा के जिला कमेटी सदस्य शिवम सिंह की कथित रूप से ईंट-पत्थरों से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना कठौता झील के पास की बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

 

पुलिस के अनुसार, अयोध्या जिले के थाना रौनाही क्षेत्र स्थित रामनगर धौरहरा निवासी 28 वर्षीय शिवम सिंह अपने मित्र निलेश और जीशान के साथ वर्ना कार से लखनऊ आए थे। रविवार देर रात तीनों विभूतिखंड स्थित जलवा क्लब में पार्टी करने पहुंचे थे।

 

बताया गया कि पार्टी समाप्त होने के बाद तीनों क्लब के बाहर एक गुमटी पर सिगरेट लेने के लिए रुके थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक वहां पहुंचे और शिवम से सिगरेट मांगी। परिजनों के अनुसार, शिवम ने उन्हें एक सिगरेट दे दी थी, लेकिन दोबारा सिगरेट मांगने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्ष वहां से चले गए। परिवार के मुताबिक, विवाद के बाद शिवम ने अपने परिचित आशीष को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी थी। आशीष ने उन्हें घर लौट जाने की सलाह दी थी।

 

विभूतिखंड पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद शिवम और उनके साथी कठौता झील के पास रुके थे। इसी दौरान पहले विवाद में शामिल युवक दोबारा वहां पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने ईंट-पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। हमले के दौरान शिवम और उनके साथी कार में बैठकर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी एक ईंट शिवम के सिर पर लगी। गंभीर चोट लगने से वह मौके पर गिर पड़े।

 

सूत्रों के अनुसार, घटना के दौरान शिवम के साथी वहां से निकल गए, जबकि घायल शिवम सड़क किनारे पड़े रहे। करीब आधे घंटे बाद एक राहगीर ने उन्हें घायल अवस्था में देखा और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। शिवम को पहले डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया। बाद में परिजन उन्हें गोमतीनगर स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान बुधवार देर रात उनकी मौत हो गई।

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर की चोट से मौत की पुष्टि: गुरुवार को डॉक्टरों के पैनल द्वारा शिवम सिंह का वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट लगने से मौत होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने विसरा सुरक्षित रख लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद अयोध्या में उनका अंतिम संस्कार किया गया।

 

हत्या का मुकदमा दर्ज, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस: मृतक के भाई सौरभ सिंह ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने शिवम की बेरहमी से पिटाई की और ईंट-पत्थरों से हमला कर उनकी हत्या कर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह ने बताया, "क्लब और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपितों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।" प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि विवाद की शुरुआत सिगरेट मांगने को लेकर हुई थी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।