लखनऊ में विभूतिखंड स्थित क्लब में बना खूनी संघर्ष का मैदान

28 Apr 2026

लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में स्थित साइबर हाई इलाके के एक क्लब में बीती रात हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। सम्मिट चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके में हुए इस घटनाक्रम में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिसके बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।  जानकारी के अनुसार, क्लब में देर रात किसी बात को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते मारपीट व खूनी संघर्ष में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि क्लब परिसर के भीतर और बाहर दोनों जगह अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

 

स्थानीय लोगों के अनुसार इस प्रकार की घटनाएं नई नहीं हैं। क्षेत्र में संचालित क्लबों में आए दिन झगड़े और मारपीट की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इससे आसपास रहने वाले लोगों में लगातार भय का माहौल बना हुआ है। निवासियों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र के कई क्लब नियमों के विरुद्ध देर रात यहां तक कि निर्धारित समय सीमा के बाद भी संचालित होते हैं। देर रात तक चलने वाले इन क्लबों के कारण शोर-शराबा और अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है।

 

स्थानीय लोगों ने उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। आरोप है कि मामलों को गंभीरता से न लेकर टाल दिया जाता है, जिससे असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं। निवासियों का कहना है कि सम्मिट चौकी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। लगातार हो रही हिंसक घटनाओं से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।