राजधानी लखनऊ के महिंगवा थाना क्षेत्र के चक बनकट गांव में घर से लापता हुई एक बुजुर्ग महिला का शव सोमवार सुबह गांव के बीच स्थित तालाब में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में पुलिस जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, चक बनकट निवासी अर्जुन की 85 वर्षीय माता अन्नपूर्णा रविवार को अचानक घर से लापता हो गई थीं। परिजनों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद रविवार को महिंगवा थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के आसपास स्थित नहर, खेतों तथा अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन महिला का कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह गांव की आबादी के बीच स्थित तालाब में कुछ कपड़े दिखाई देने पर ग्रामीणों ने इसकी जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचकर जब परिजनों ने जांच की तो तालाब में मिले शव की पहचान अन्नपूर्णा के रूप में हुई। इसके बाद शव को बाहर निकलवाया गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मृतका के परिवार में दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र देवेंद्र और छोटा पुत्र अर्जुन है। अर्जुन ने ही अपनी माता की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार अन्नपूर्णा को आंखों से कम दिखाई देता था और वह शारीरिक रूप से भी काफी कमजोर थीं। वह सहारे के साथ धीरे-धीरे चलती थीं। परिवार का अनुमान है कि भटकते हुए वह तालाब के पास पहुंच गई होंगी और हादसे का शिकार हो गई होंगी।
महिंगवा थाना प्रभारी राधेश्याम मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। जांच जारी है।