मलमास-अधिक मास के समापन के अवसर पर सोमवार को अकबरपुर स्थित पवित्र शिवबाबा धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही दर्शन-पूजन और जलाभिषेक के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।
15 जून को मलमास का समापन होने के साथ ही मांगलिक और शुभ कार्यों की शुरुआत का मार्ग प्रशस्त हो रहा है। इसी वजह से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का आशीर्वाद लेने शिवबाबा धाम पहुंचे। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए विशेष प्रार्थनाएं भी की गईं।
सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर में आवश्यक सुरक्षा और व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे दर्शन-पूजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके।