>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 128वें एपिसोड में देश को संबोधित करते हुए नवंबर माह को ऐतिहासिक उपलब्धियों और प्रेरणादायक घटनाओं से भरा बताया। उन्होंने राष्ट्रीय महत्व की गतिविधियों, रक्षा क्षेत्र की प्रगति और स्पेस सेक्टर में नवाचारों का उल्लेख किया।
>अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर संसद के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम ने देश को लोकतांत्रिक मूल्यों की पुनर्स्मृति कराई। उन्होंने बताया कि इस महीने वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में विशेष कार्यक्रम शुरू हुए, जबकि अयोध्या में राम मंदिर परिसर में धर्मध्वजा का आरोहण और कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर में पंचजन्य स्मारक का लोकार्पण भी महत्वपूर्ण रहा।
>प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा क्षेत्र की उपलब्धियों पर बात करते हुए INS माहे को भारतीय नौसेना में शामिल किए जाने को उल्लेखनीय कदम बताया। उन्होंने कहा कि इसके स्वदेशी डिजाइन और ‘माहे’ नाम को लेकर लोगों में उत्साह देखा गया है। उन्होंने बताया कि युद्धपोत का क्रेस्ट उरुमी और कलारिपयट्टू की पारंपरिक तलवार जैसा दिखाई देता है, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
>स्पेस सेक्टर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के उभरते अंतरिक्ष इकोसिस्टम को नई गति मिल रही है। उन्होंने निजी कंपनी स्काईरुट के इंफिनिटी कैंपस को नवाचार और युवा शक्ति का उदाहरण बताया।
>प्रधानमंत्री ने कृषि क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत ने 357 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है, जो दस साल पहले की तुलना में 100 मिलियन टन अधिक है।
>पर्यटन पर बात करते हुए उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में सर्दियों का पर्यटन औली, मुनस्यारी, चोपटा और डेयारा जैसी जगहों पर तेजी से बढ़ रहा है। साथ ही पिथौरागढ़ में 14,500 फुट से अधिक ऊंचाई पर पहली हाई एल्टीट्यूड अल्ट्रा रन मैराथन आयोजित की गई, जिसमें 18 राज्यों के 750 से ज्यादा एथलीट्स ने भाग लिया।