मथुरा के जैत थाना क्षेत्र में करीब तीन करोड़ रुपये की चोरी के चर्चित मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पीड़ित को प्लॉट दिखाने के बहाने घर से बाहर ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद, चोरी की रकम से खरीदी गई लगभग 60.12 लाख रुपये की संपत्ति तथा वारदात में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 2 करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये की बरामदगी की है। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में मामले का खुलासा किया।
एसएसपी के अनुसार गुजरात के गांधीनगर निवासी राकेश प्रजापति ने थाना जैत में दर्ज कराई शिकायत में बताया था कि 9 जून 2026 की शाम वह टहलने के लिए बिहारी जी की ओर गए थे। घर लौटने पर नकदी से भरा बैग गायब मिला। शिकायत में उन्होंने राजन शर्मा, आलोक, हीरेन और अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर संदेह जताया था। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि बैग में उनकी जीवनभर की जमा पूंजी रखी थी। वह उसी रकम में से रोजमर्रा के खर्च के लिए पैसे निकालते थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि पीड़ित गुजरात की संपत्ति बेचने के बाद धार्मिक जीवन व्यतीत करने के उद्देश्य से सुनरख में रहने लगे थे। इसी दौरान उनकी पहचान स्थानीय गेस्ट हाउस संचालक आलोक और राजन से हुई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पीड़ित की आर्थिक स्थिति की जानकारी जुटाई और चोरी की योजना बनाई। तय योजना के तहत आलोक पीड़ित को प्लॉट दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया, जबकि उसके तीन साथियों ने फ्लैट का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखे 2 करोड़ 90 लाख 10 हजार रुपये चोरी कर लिए।
एसएसपी ने बताया कि वारदात के बाद आरोपियों ने पीड़ित को झूठे अपहरण के मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर शिकायत न करने का दबाव बनाया। इसके बावजूद पीड़ित ने थाना जैत पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों और सर्विलांस सेल को जांच में लगाया गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को सुनरख रोड से राष्ट्रीय राजमार्ग-19 की ओर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई फॉक्सवैगन वर्टस कार, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड घड़ियां, महंगे कपड़े और जूते, चार मोबाइल फोन, ब्रांडेड जिम एवं स्विमिंग किट, वारदात में प्रयुक्त टाटा पंच कार बरामद की गई।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि इस मामले के सफल खुलासे पर थाना जैत के प्रभारी निरीक्षक सोनू कुमार को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि तकनीकी साक्ष्यों और पारंपरिक पुलिस जांच के समन्वय से इस मामले का खुलासा संभव हो सका।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना जैत में मुकदमा दर्ज है। मामले में आगे पूछताछ जारी है। पुलिस चोरी की शेष धनराशि की बरामदगी और घटना में अन्य संभावित सहयोगियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।