उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के वृंदावन स्थित यमुना नदी में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया, जब केशी घाट पर एक स्टीमर पलट गया। इस दुर्घटना में अब तक 10 श्रद्धालुओं की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने के भी निर्देश जारी किए गए हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मथुरा में हुई इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की गई हैं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह के अनुसार, स्थानीय गोताखोरों की मदद से अब तक 16 से 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। हालांकि कई लोग अभी भी लापता हैं, जिनकी तलाश जारी है। रेस्क्यू कार्य के लिए गाजियाबाद से NDRF की टीम को बुलाया गया है, जबकि मथुरा छावनी से भी सहायता ली जा रही है। मौके पर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
घटना के बाद आसपास के अस्पतालों को अलर्ट पर रखा गया है। घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। केशी घाट पर एम्बुलेंस और डॉक्टरों की टीम तैनात है। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल है और राहत-बचाव दल लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।