>बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी से पहले मथुरा में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। श्री कृष्ण जन्मस्थान और शाही ईदगाह मस्जिद परिसर के आसपास पुलिस, पीएसी और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।
>अधिकारियों के अनुसार 6 दिसंबर को संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। एसएसपी मथुरा ने बताया कि स्थानीय पुलिस, बाहरी जिलों से आए पुलिस बल, पीएसी और आरएएफ की तैनाती की गई है। महत्वपूर्ण स्थानों पर फ्लैग मार्च और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा है। होटल, ढाबों, बस अड्डों और रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है और कानून व्यवस्था भंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
>यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर में कई मार्ग डायवर्ट किए गए हैं। गोकुल रेस्टोरेंट से मसानी, मसानी चौराहा से डीग गेट, भूतेश्वर चौराहा से कृष्ण जन्मस्थान मार्ग, भरतपुर गेट से डीग गेट की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित की गई है। रूपम सिनेमा तिराहा, अमरनाथ कट, पोतराकुंड मोड़, यादव चौराहा और अन्य कई स्थानों पर भी प्रवेश व आवाजाही सीमित की गई है। भारी वाहनों को टाउनशिप तिराहा व वैकल्पिक मार्गों से भेजा जा रहा है। साथ ही रोडवेज बसों के लिए भी विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं।