मथुरा के गोवर्धन थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर युवकों और युवतियों को कथित रूप से प्रभावित कर अपने पास बुलाने और एक युवती के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अभिषेक उर्फ आदिकर्ता नारायण दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी मूल रूप से ओडिशा के भुवनेश्वर का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से राधाकुंड क्षेत्र के शेरगढ़िया मोहल्ले में रह रहा था। वह स्वयं को गीता का उपदेशक बताता था और ऑनलाइन माध्यम से प्रवचन देता था।
पुलिस के मुताबिक 25 मई 2026 को एक युवती ने गोवर्धन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा संख्या 256/2026 दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न तथ्यों और साक्ष्यों का परीक्षण किया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ऑनलाइन धार्मिक प्रवचन देता था। इन प्रवचनों से प्रभावित होकर कई युवक और युवतियां उसके संपर्क में आए और कुछ लोग उसके पास रहना भी शुरू कर दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित रूप से लोगों को अपने प्रभाव में लेकर उन्हें अपने पास बुलाता था।
मामले की जानकारी देते हुए गोवर्धन क्षेत्राधिकारी अनिल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने वाली युवती छत्तीसगढ़ की रहने वाली है। पुलिस के अनुसार युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे अपने पास बुलाया और उसका ब्रेनवॉश कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने जांच पूरी करने के बाद आरोपी को राधाकुंड स्थित शेरगढ़िया मोहल्ले से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए प्रस्तुत किया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। क्षेत्राधिकारी के अनुसार आरोपी के साथ रह रहे युवक-युवतियों को उनके परिवारों के सुरक्षित सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।