मुस्लिम मौलाना का हिंदुओं को सलाम: कहा, कांवड़ियों को पानी पिलाओ, फूल बरसाओ

12 Jul 2025


>मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने एक ऐसा संदेश दिया है, जो समाज में सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारे और धार्मिक सद्भाव की मिसाल बन सकता है। सावन माह के शुभारंभ और कांवड़ यात्रा के आगाज़ के साथ ही उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील की है कि कांवड़ियों का पुष्पवर्षा, पानी पिलाकर, और मुस्कान के साथ स्वागत करें।


>मौलाना रजवी ने अपने बयान में कहा, “मोहर्रम और बकरा ईद जैसे मुस्लिम त्योहार हाल ही में शांतिपूर्वक और गौरवपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुए हैं, अब जब कांवड़ यात्रा शुरू हो चुकी है, तो हमारी यह जिम्मेदारी बनती है कि हम उसी भावना के साथ अपने हिंदू भाइयों के इस धार्मिक आयोजन में सहयोग दें।”


>सांप्रदायिक समरसता की मिसाल: "अब मुसलमानों की बारी है"


>मौलाना रजवी ने याद दिलाया कि जब मोहर्रम का जुलूस बरेली के जोगी नवादा से निकला था जो वर्षों से विवादित रहा है तब वहाँ रहने वाले हिंदू भाइयों ने फूल बरसाकर, हार पहनाकर जुलूस का स्वागत किया। यह दृश्य सभी के लिए प्रेरणादायक था। अब मुस्लिम समाज को भी वैसा ही उदार और सम्मानजनक व्यवहार दिखाना चाहिए, ताकि भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और मजबूत हो।


>जोगी नवादा विवाद सुलझा: पुलिस-प्रशासन की तारीफ


>32 साल पुराने बरेली के जोगी नवादा विवाद को शांति से सुलझाए जाने पर मौलाना ने पुलिस व प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने दोनों समुदायों से बातचीत कर जो ऐतिहासिक समझौता कराया, वह अन्य विवादग्रस्त क्षेत्रों के लिए एक मॉडल बन सकता है


>सुरक्षा व्यवस्था की सराहना और अपील


>मौलाना रजवी ने पुलिस-प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि "हमें भरोसा है कि कांवड़ यात्रा के दौरान भी प्रशासन उसी तरह मुस्तैद रहेगा, ताकि कोई घटना या विवाद न हो और यह पवित्र यात्रा शांतिपूर्वक सम्पन्न हो।"