खेल में पदक जीता है तो पढ़ाई होगी मुफ्त, मेरठ स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ने शुरू किए रजिस्ट्रेशन

11 Jun 2026

 

उत्तर प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय मेरठ ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय ने अपना प्रवेश प्रॉस्पेक्टस जारी कर दिया है और इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की गई है। इस बार विश्वविद्यालय ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को बड़ी राहत देते हुए विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश की व्यवस्था की है। इसके साथ ही स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेता खिलाड़ियों को शैक्षणिक शुल्क में 100 प्रतिशत तक छूट देने का प्रावधान भी किया गया है।

 

विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार ओलंपिक, राष्ट्रमंडल खेल, एशियाई खेल और विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले या पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में सीधे प्रवेश दिया जाएगा। इसके अलावा एसजीएफआई नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया यूथ गेम्स और मान्यता प्राप्त सीनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप के पदक विजेता खिलाड़ियों को भी डायरेक्ट एडमिशन का लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय ने ओलंपिक खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए सभी पाठ्यक्रमों में कुल सीटों के अतिरिक्त 10 प्रतिशत सीटें आरक्षित की हैं।

 

प्रवेश प्रक्रिया में खेल उपलब्धियों के लिए अधिकतम 40 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय, राज्य और अंतर-विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को शैक्षणिक शुल्क में 100 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।

 

इन पांच पाठ्यक्रमों में लिया जा रहा प्रवेश

 

बीपीईएस (बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स): यह तीन वर्षीय कोर्स है, जिसमें 50 सीटें निर्धारित हैं। आवेदन के लिए किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक होना आवश्यक है।

 

बीएससी योग: तीन वर्ष की अवधि वाले इस कोर्स में 40 सीटें उपलब्ध हैं। अभ्यर्थी के 12वीं में कम से कम 45 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है।

 

एमएससी योग: दो वर्षीय इस कोर्स में 20 सीटें निर्धारित हैं। संबंधित विषय में स्नातक डिग्री और न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक जरूरी हैं।

 

स्पोर्ट्स जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन में पीजी डिप्लोमा: एक वर्षीय इस पाठ्यक्रम में 15 सीटें उपलब्ध हैं। इसके लिए स्नातक में न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।

 

स्पोर्ट्स कोचिंग में पीजी डिप्लोमा: यह कोर्स एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, इक्वेस्ट्रियन, हॉकी, कबड्डी, कुश्ती और योग में उपलब्ध है। प्रत्येक खेल वर्ग में 15 सीटें निर्धारित हैं। अभ्यर्थी के पास स्नातक डिग्री के साथ विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित खेल योग्यता होना जरूरी है।

 

ऐसे होगी चयन प्रक्रिया: बीपीईएस, बीएससी योग और एमएससी योग में चयन अर्हक परीक्षा के अंक, फिजिकल फिटनेस टेस्ट, स्किल टेस्ट और स्पोर्ट्स वेटेज के आधार पर किया जाएगा। वहीं स्पोर्ट्स कोचिंग और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म के पीजी डिप्लोमा कोर्स में चयन शैक्षणिक योग्यता, खेल उपलब्धियों, लिखित परीक्षा और शारीरिक फिटनेस टेस्ट के आधार पर होगा। जर्नलिज्म कोर्स के लिए स्किल टेस्ट नहीं होगा, लेकिन फिटनेस टेस्ट पास करना अनिवार्य रहेगा।

 

फीस स्ट्रक्चर भी जारी

 

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 11 जून से शुरू हो चुकी है। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई है। संभावित रूप से 20 जुलाई से 30 जुलाई के बीच फिजिकल फिटनेस टेस्ट आयोजित किए जाएंगे, जबकि अंतिम मेरिट सूची अगस्त में जारी की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी और ऑनलाइन आवेदन के लिए विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट sportsuniup.com पर विजिट कर सकते हैं।