मेरठ के शास्त्रीनगर स्थित प्रवेश विहार में रहने वाले 48 वर्षीय प्रवीण कुमार रोहिला का शव बुधवार दोपहर घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। मूल रूप से बागपत के बड़ौत स्थित नेहरू नगर निवासी प्रवीण कुमार रोहिला परिवार के साथ शास्त्रीनगर के प्रवेश विहार में रह रहे थे। वह सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे।
परिवार के अनुसार उनकी बड़ी बेटी की शादी तीन माह पहले हुई थी। बेटा बैंक के ऋण विभाग में कार्यरत है, जबकि एक बेटी मेट्रो प्लाजा स्थित एक रेस्टोरेंट में नौकरी करती है। पत्नी घर के पास ही दुकान चलाती हैं। बुधवार दोपहर पत्नी दुकान पर थीं और बेटा-बेटी अपने काम पर गए हुए थे। इसी दौरान प्रवीण कुमार ने घर के अंदर फांसी लगा ली।
मेरठ में दो साल की बेटी और नौ माह के बेटे के साथ मां ने खाया कीटनाशक
करीब दो बजे पत्नी ममता रोहिला घर पहुंचीं तो उन्होंने प्रवीण कुमार को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद उन्होंने बेटे और बेटी को सूचना दी। कुछ देर बाद दोनों घर पहुंच गए। करीब ढाई बजे पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी शुचिता सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार प्रवीण कुमार शराब पीने के आदी थे और परिवार के लोग उन्हें ऐसा करने से रोकने का प्रयास करते थे। सीओ शुचिता सिंह ने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले भी वह नानू नहर पर जाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुके थे। हालांकि उस समय उनकी जान बच गई थी।
पुलिस के मुताबिक घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।