उत्तर प्रदेश में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत लखनऊ पुलिस द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिलाओं और बालिकाओं को साइबर सुरक्षा और कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई।
लखनऊ पुलिस के निर्देशन में थाना बीबीडी क्षेत्र के ग्राम उत्तरधौना में मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पिंक बूथ 45 टीम द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बालिकाओं और स्थानीय लोगों को साइबर अपराध से बचाव, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों और पुलिस हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने घर-घर और क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को साइबर फ्रॉड से सतर्क रहने के लिए जागरूक किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें और ओटीपी या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। साथ ही ऑनलाइन धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं और महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबर जैसे की 1090, 112, 181, 1076, 102, 108 और 1930 की जानकारी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे तत्काल सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अलावा महिला हेल्प डेस्क, मिशन शक्ति केंद्र और थाना स्तर पर उपलब्ध सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
पुलिस टीम ने बालिकाओं को गुड टच–बैड टच, पॉक्सो एक्ट और महिला उत्पीड़न से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रेरित करना बताया गया।