उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रमजान से पहले खजूरों की गलत पैकेजिंग और मिलावट के आरोपों का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने विशेष चेकिंग अभियान शुरू करते हुए नवीन मंडी समिति समेत कई स्थानों पर छापेमारी की।
मझोला थाना क्षेत्र स्थित मंडी समिति में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने ‘ईशा ट्रेडर्स’ और ‘अल-बदूत’ सहित कई प्रतिष्ठानों से खजूरों के संदिग्ध नमूने भरे और भारी मात्रा में मिसब्रांडेड सामान सीज किया। सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में हुई छापेमारी में पैकेजिंग संबंधी अनियमितताएं पाई गईं।
मंडी स्थित मेराज फ्रूट्स पर भी जांच के दौरान बिना बैच नंबर, पैकिंग तिथि और एक्सपायरी डेट के खजूर बिक्री के लिए रखे मिले। अधिकारियों के अनुसार यह खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है। नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है और संबंधित व्यापारिक दस्तावेजों की जांच जारी है।
सहायक आयुक्त (खाद्य) राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा, “प्रथम दृष्टया पैकेजिंग में अनियमितताएं पाई गई हैं। लैब रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।” खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार मुरादाबाद मंडल में विशेष चेकिंग अभियान जारी रहेगा और मानकों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।