मुंबई के JNS बिज़नेस सेंटर में भीषण आग

23 Oct 2025

मुंबई एक बार फिर आग की लपटों में घिर गई। जोगेश्वरी वेस्ट स्थित JNS बिज़नेस सेंटर में गुरुवार (23 अक्टूबर) की सुबह अचानक भीषण आग लग गई। यह आग लेवल-2 श्रेणी की बताई जा रही है, जिसमें किसी के घायल होने की खबर तो नहीं है, लेकिन अंदर स्थित कई कॉर्पोरेट ऑफिस जलकर राख हो गए, जिससे करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) के फायर ब्रिगेड विभाग को आग लगने की सूचना सुबह 10:51 बजे मिली। इसके तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की करीब 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। चूंकि इमारत में कई दफ्तर हैं, इसलिए आग के फैलने का खतरा बढ़ गया था। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

यह हादसा एसवी रोड स्थित बेहरामपाड़ा इलाके में गांधी स्कूल के पास हुआ। आग लगते ही ऑफिस परिसर में अफरातफरी मच गई। फायर ब्रिगेड ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इसे लेवल-II कॉल घोषित किया। इमारत से उठता घना धुआं दूर से ही नजर आ रहा था, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

मुंबई फायर ब्रिगेड के अलावा स्थानीय पुलिस, 108 एम्बुलेंस, बीएमसी वार्ड कर्मचारी, पीडब्ल्यूडी टीम और बिजली वितरण कंपनी का स्टाफ भी मौके पर पहुंचा। सभी एजेंसियां राहत और बचाव कार्य में जुटी रहीं। बिजली आपूर्ति को तुरंत बंद कर दिया गया ताकि आग आगे न बढ़ सके।

फायर डिपार्टमेंट के अनुसार, इस हादसे में किसी के घायल या हताहत होने की कोई जानकारी नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई जा रही है। बीएमसी और फायर ब्रिगेड के वरिष्ठ अधिकारी स्थल पर मौजूद हैं और नुकसान के आकलन का कार्य जारी है।