मुजफ्फरनगर में रिश्वतखोरी से जुड़े एक कथित ऑडियो के वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई। मामले का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मुजफ्फरनगर में रिश्वतखोरी से जुड़े एक कथित ऑडियो के सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। एसएसपी संजय वर्मा ने थाना तितावी के थानाध्यक्ष पवन चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
इसके साथ ही मामले में संलिप्त पाए गए सिपाही अनीस और नवीन के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार वायरल ऑडियो में स्मैक तस्करी के एक मामले में दो आरोपियों के नाम हटाने के बदले लेनदेन की बातचीत सामने आई थी। ऑडियो के सार्वजनिक होने के बाद पूरे मामले की जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर एसएसपी ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की। पुलिस विभाग के अधिकारियों के अनुसार मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है और आगे भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, संबंधित सिपाही का पूर्व में भी विभिन्न थानों में तैनाती के दौरान विवादों से जुड़ा रहा है। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक स्तर पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि विभागीय आचरण के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।