उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर कस्बे में खाने की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। एक होटल से खरीदे गए चिकन में मरी हुई छिपकली मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद युवक की तबीयत बिगड़ने पर उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ रेफर कर दिया गया। मामले का वीडियो सामाजिक माध्यमों पर तेजी से प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के अनुसार मीरापुर निवासी रोहन ने सोमवार रात कस्बे के होटल अलकरीम से चिकन खरीदा था। परिजनों के मुताबिक खाना खाते समय युवक को स्वाद में कुछ अलग महसूस हुआ। इसके बाद जब चिकन को ध्यान से देखा गया तो उसमें मरी हुई छिपकली दिखाई दी। घटना से परिवार के लोग घबरा गए और पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो सामाजिक माध्यमों पर वायरल हो गया।
परिजनों का आरोप है कि चिकन खाने के कुछ देर बाद ही रोहन की तबीयत अचानक खराब हो गई। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत मुजफ्फरनगर के एक अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेरठ रेफर कर दिया।
मामले की सूचना मिलने के बाद मंगलवार को स्थानीय पुलिस, खाद्य सुरक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने होटल में जांच पड़ताल की और खाने के नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान होटल में साफ-सफाई और खाद्य गुणवत्ता को लेकर भी निरीक्षण किया गया। प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से होटल को सील कर दिया।
क्षेत्राधिकारी जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि युवक की तबीयत खराब होने की सूचना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की। खाद्य निरीक्षक और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच की गई है। होटल को सील कर दिया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।