घर में अकेली थी 15 साल की बच्ची, फिर जो हुआ उसने पूरे गांव को झकझोर दिया

17 Jun 2026

 

 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मामला चर्चा में है। किशोरी ने अपने पड़ोसी युवक सुनील और उसकी भाभी मोनिका पर बलात्कार और जहरीला पदार्थ देकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले में कुछ तथ्य संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।

 

पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से कार्रवाई की मांग की। उसका आरोप है कि 8 जून को वह घर में अकेली थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला उसे अपने घर ले गई और वहां उसके साथ दुष्कर्म कराया गया। आरोप है कि बाद में उसे जहरीला पदार्थ भी दिया गया। पीड़िता के अनुसार, बेहोशी की हालत में उसे उसके घर छोड़ दिया गया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई।

 

परिजनों ने किशोरी को शामली के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। पीड़िता ने मीडिया से बातचीत में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कहा कि पुलिस अधिकारियों ने उचित जांच का आश्वासन दिया है।

 

फुगाना क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी विश्वजीत सिंह के अनुसार, 9 जून को पुलिस को सूचना मिली थी कि किशोरी ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। अस्पताल में पूछताछ के दौरान उसने प्रारंभिक तौर पर खुद ही गलती से जहरीला पदार्थ खाने की बात कही थी। पुलिस के अनुसार, करीब एक घंटे बाद उसके बयान में बदलाव आया। इसके बाद दो दिन पहले उसकी मां की ओर से थाने में प्रार्थना पत्र देकर पड़ोसी युवक और उसकी भाभी पर दुष्कर्म के आरोप लगाए गए।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई स्तरों पर की जा रही है। इसमें दोनों पक्षों के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), फॉरेंसिक साक्ष्य और अन्य तथ्यों को शामिल किया गया है। सीओ विश्वजीत सिंह ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।