अब नमो घाट पर भी गूंजेगी गंगा आरती

21 Sep 2025


>आध्यात्म और आस्था की नगरी वाराणसी के घाटों पर गंगा आरती का अद्भुत दृश्य दुनिया भर के पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है। दशास्वमेध घाट, शीतला घाट, तुलसी घाट और अस्सी घाट जैसे प्रमुख स्थानों पर पहले से ही प्रतिदिन संध्या आरती आयोजित होती रही है। अब इस सूची में एक और नाम जुड़ गया है – नमो घाट।


>प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से यहां गंगा आरती की शुरुआत की गई है। गंगा की लहरों के बीच भव्य और आकर्षक आरती का आयोजन यहां धार्मिक और पर्यटन महत्व दोनों को नई पहचान दे रहा है। आयोजन के पहले ही दिन से नमो घाट पर पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अनुमान है कि आने वाले समय में प्रतिदिन 20 हजार से अधिक लोग गंगा आरती के इस अद्भुत नजारे के साक्षी बन सकते हैं।


>वाराणसी के आधा दर्जन से अधिक घाटों पर गंगा आरती का आयोजन पहले से हो रहा है, लेकिन नमो घाट का जुड़ना इस पवित्र परंपरा को और भव्य बना रहा है। निस्संदेह, यह पहल न केवल धार्मिक महत्व को और गहराई देगी बल्कि वाराणसी के पर्यटन को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।