>राजधानी लखनऊ इस बार युवाओं की ऊर्जा और उत्साह का गवाह बनने जा रहा है। 61 साल बाद उत्तर प्रदेश को मिली मेजबानी के साथ 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी सिर्फ एक शिविर नहीं, बल्कि युवा शक्ति, अनुशासन और साहस का महाकुंभ बनने जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम युवाओं को साहसिक गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विज्ञान-तकनीक और समाजसेवा का अनूठा अनुभव देगा।
>रोमांच से भरा होगा अनुभव
हाई रोप्स, जिपलाइन, ट्रैकिंग और एडवेंचर पार्क जैसी साहसिक गतिविधियां युवाओं में आत्मविश्वास और नई ऊर्जा का संचार करेंगी। यह अवसर उन्हें न सिर्फ अपने डर को चुनौती देने का मौका देगा, बल्कि जीवनभर यादगार अनुभव भी प्रदान करेगा।
>संस्कृति का रंगारंग संगम
ग्लोबल विलेज, लोकनृत्य, नाटक और गीत-संगीत से सजे कार्यक्रम भारतीय और वैश्विक सांस्कृतिक विविधता की झलक देंगे। यह आयोजन आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बनेगा।
>विज्ञान और तकनीक से रूबरू होंगे युवा
रोबोटिक्स और विज्ञान प्रदर्शनी युवाओं को नवाचार और आधुनिक तकनीक की दुनिया से जोड़ेंगी। वहीं जीवन रक्षा कौशल और फर्स्ट एड जैसी स्काउटिंग की विधाएं उन्हें व्यवहारिक जीवन प्रबंधन का प्रशिक्षण देंगी।
>समाजसेवा और जिम्मेदारी की शिक्षा
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक प्रोजेक्ट्स प्रतिभागियों को संवेदनशील नागरिक बनने की प्रेरणा देंगे। साथ ही खेलकूद और टीमवर्क से अनुशासन व नेतृत्व क्षमता को मजबूती मिलेगी।
>योगी सरकार की बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से प्रदेश को 61 साल बाद यह अवसर मिला है। लखनऊ के वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में 23 से 29 नवंबर तक यह आयोजन होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों प्रस्तावित है।
>29 सितंबर को भूमि पूजन
आयोजन स्थल पर विश्वस्तरीय सुविधाओं वाली टेंट सिटी तैयार की जाएगी, जिसमें 35 हजार से अधिक प्रतिभागियों का प्रवास होगा। भूमि पूजन 29 सितंबर को होगा, जिसमें योगी सरकार के वरिष्ठ मंत्रीगण शामिल होंगे।