शर्मा की चाय से हनुमान सेतु तक... लखनऊ दौरे पर भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का अलग अंदाज, संगठन को भी दिया बड़ा संदेश

04 Jul 2026

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर पहुंचे। राजधानी पहुंचने के बाद उन्होंने पहले पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक की, फिर लखनऊ की प्रसिद्ध शर्मा जी की चाय की दुकान पर चाय, समोसा और बन-मक्खन का स्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष भी उनके साथ लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान नितिन नवीन ने प्रदेश और जिला अध्यक्षों से संगठन को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए और पार्टी के कार्यकर्ता नियमित रूप से जिलों में प्रवास कर जनता के बीच संवाद बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके लिए जिला स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने पर भी बल दिया गया।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को समय रहते गति देने का भी आह्वान किया। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और संगठन के भीतर मतभेदों तथा गिले-शिकवे भुलाकर एकजुट होकर काम करने की बात कही। बैठक के दौरान संगठन में समन्वय, बूथ स्तर तक सक्रियता और जनसंपर्क अभियान को मजबूत बनाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई।

संगठनात्मक बैठक के बाद नितिन नवीन भाजपा नेताओं के साथ लखनऊ की प्रसिद्ध शर्मा जी की चाय की दुकान पहुंचे। यहां उन्होंने चाय के साथ गोल समोसा और बन-मक्खन का स्वाद लिया। उनके साथ उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी मौजूद रहे। दुकान पर मौजूद लोगों ने भाजपा नेताओं का स्वागत किया। नितिन नवीन ने चाय और अन्य व्यंजनों के स्वाद की सराहना भी की।

लखनऊ प्रवास के दौरान नितिन नवीन ने हनुमान सेतु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान हनुमान के समक्ष प्रदेश और देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

दर्शन के बाद नितिन नवीन ने कहा, "मैं मानता हूं कि पवन पुत्र हनुमान का आशीर्वाद तो लेना ही चाहिए। उत्तर प्रदेश को सब प्रकार की सुख, शांति और समृद्धि मिले। उत्तर प्रदेश विकास के पैमाने पर आगे बढ़ रहा है। उसी प्रकार पूरे उत्तर प्रदेश के नागरिकों का स्वास्थ्य और समृद्धि बढ़े।"

मंदिर में उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नीरज सिंह, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा संगठनात्मक बैठकों के साथ-साथ जनसंपर्क गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में रहा। एक ओर उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ आगामी संगठनात्मक रणनीति पर मंथन किया, वहीं दूसरी ओर शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल और प्रसिद्ध खानपान स्थल पर पहुंचकर स्थानीय पहचान से भी जुड़ाव दिखाया।