नोएडा के सेक्टर-33 में रहने वाले बीटेक अंतिम वर्ष के एक 22 वर्षीय छात्र से ऑनलाइन गेमिंग के जरिए संपर्क बढ़ाकर 50 लाख रुपये से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के मुताबिक, छात्र को पहले ऑनलाइन गेमिंग से जुड़े एक व्यक्ति ने अपने विश्वास में लिया और बाद में एक महिला से उसका संपर्क कराया गया। आरोप है कि गेमिंग के दौरान महिला ने छात्र से मेलजोल बढ़ाया और उसे प्रेमजाल में फंसाया।
मामले में छात्र के पिता हरिशंकर सिंह ने सेक्टर-24 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जसलीना उर्फ एंजेल खन्ना, क्रिस्टन उर्फ स्मिता अयोध्या सरदार और आरके उर्फ रतनदीप खन्ना के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने धोखाधड़ी और आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, छात्र अक्षय सिंह वर्ष 2025 में अपने मोबाइल फोन पर ऑनलाइन लाइव-स्ट्रीम गेमिंग देखने लगा था। इसी दौरान उसकी मुलाकात आरके उर्फ रतनदीप खन्ना नाम के व्यक्ति से हुई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि शुरुआती संपर्क के बाद आरके ने छात्र का भरोसा हासिल किया। इसके बाद वह छात्र को गेमिंग के दौरान एक महिला की आईडी पर पैसे लगाने के लिए प्रेरित करने लगा। शिकायत के मुताबिक, छात्र उसकी बातों में आ गया और लगातार उस आईडी पर पैसे लगाने लगा। पुलिस के सामने दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान जसलीना उर्फ एंजेल खन्ना उर्फ ज्योति खन्ना उर्फ ज्योति सरदार ने भी अक्षय से बातचीत और मेलजोल बढ़ाना शुरू किया।
यह खबर भी पढ़े - मेरठ में पालतू कुत्ते टफ्फू की इंसानों की तरह तेरहवीं, बेटी 12 साल से बांधती थी राखी
पीड़ित के पिता का आरोप है कि महिला ने उनके बेटे से नजदीकी बढ़ाई और उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। शिकायत के मुताबिक, कुछ समय बाद महिला ने नोएडा आकर अक्षय से शादी करने की इच्छा जताई। जब अक्षय ने इस बारे में अपने परिवार को बताया तो परिजनों ने मामले की जानकारी जुटाने की कोशिश की। परिवार की ओर से महिला के बारे में पड़ताल की गई। शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान परिवार को जानकारी मिली कि महिला पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं।
यह जानकारी सामने आने के बाद परिवार ने पूरे मामले को लेकर पुलिस से शिकायत की। हरिशंकर सिंह ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर उनके बेटे से 50 लाख रुपये से अधिक की रकम ली। शिकायत के मुताबिक, रकम लेने का सिलसिला ऑनलाइन गेमिंग और उससे जुड़े संपर्क के बाद शुरू हुआ।
पिता का यह भी आरोप है कि इतनी रकम लेने के बाद भी आरोपियों की ओर से छात्र पर दबाव बनाया जाता रहा। शिकायत में कहा गया है कि महिला और आरके उर्फ रतनदीप खन्ना आपस में पति-पत्नी हैं और दोनों ने मिलकर छात्र को अपने जाल में फंसाया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
शिकायत में सबसे महत्वपूर्ण आरोप यह है कि 50 लाख रुपये से अधिक की रकम लिए जाने के बाद अब छात्र पर शादी करने या पांच करोड़ रुपये देने का दबाव बनाया जा रहा है। पिता के मुताबिक, ठगी और लगातार बनाए जा रहे दबाव से परेशान होकर उन्होंने सेक्टर-24 थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
सेक्टर-24 थाना पुलिस ने मामले में जसलीना उर्फ एंजेल खन्ना, क्रिस्टन उर्फ स्मिता अयोध्या सरदार और आरके उर्फ रतनदीप खन्ना को नामजद किया है। थाना प्रभारी उमेश नैथानी के अनुसार, पीड़ित पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच में पैसों के लेन-देन और ऑनलाइन गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मामले में यह पता लगाया जा रहा है कि छात्र से कितनी रकम ली गई, रकम किन माध्यमों से भेजी गई और लेन-देन किन लोगों या खातों से जुड़े हैं। इसके साथ ही पुलिस ऑनलाइन गेमिंग के दौरान हुए संपर्क और अन्य डिजिटल गतिविधियों की भी जांच कर रही है। शिकायत में जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनकी भूमिका और आपसी संबंधों की भी जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में दावा किया है कि जसलीना उर्फ एंजेल खन्ना और आरके उर्फ रतनदीप खन्ना पति-पत्नी हैं। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि दोनों ने मिलकर छात्र को अपने संपर्क में लिया और उससे रकम हासिल की। परिवार की ओर से महिला के पहले से शादीशुदा होने और उसके दो बच्चों के होने का भी दावा किया गया है। इन सभी बिंदुओं की पुलिस जांच कर रही है।