नॉएडा में तेज रफ्तार कार ने चार लोगों को कुचला, यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने पहुंचाया अस्पताल

16 May 2026

 

ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने सड़क पार कर रहे चार लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बन गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहे मशहूर यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने मानवता का परिचय देते हुए घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

 

जानकारी के अनुसार यह हादसा नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के अंतर्गत नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि चार लोग पैदल सड़क पार करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों लोग कई फुट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद घायलों की हालत बेहद गंभीर थी और वे सड़क पर तड़प रहे थे। उसी समय वहां से गुजर रहे यूट्यूबर मृदुल तिवारी ने अपनी गाड़ी रोकी और बिना देरी किए अन्य लोगों की मदद से घायलों को अपनी कार में बैठाकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में सभी घायलों का उपचार जारी है।

 

घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मृदुल तिवारी घायलों को अस्पताल ले जाते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग उनके इस मानवीय कदम की सराहना कर रहे हैं।

 

सूचना मिलने के बाद नॉलेज पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट डिजायर कार को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।