नोएडा। लगातार बढ़ती गर्मी और हीटवेव के प्रकोप को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। बेसिक शिक्षा विभाग के निर्देश के अनुसार अब जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में इन कक्षाओं का संचालन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाएगा। यह व्यवस्था अगली सूचना तक लागू रहेगी।
यह आदेश बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड सहित जिले में संचालित सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। प्रशासन का कहना है कि बढ़ते तापमान और हीटवेव के बीच छोटे बच्चों को गर्मी से होने वाली परेशानियों से बचाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार ने बताया कि जिले के सभी विद्यालयों को संशोधित समय-सारिणी का पालन करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कक्षा 1 से 8 तक की पढ़ाई अब सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक कराई जाएगी ताकि विद्यार्थियों को तेज धूप और अधिक तापमान के दौरान स्कूल में न रहना पड़े। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था जिले के सभी मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगी।
पिछले कुछ दिनों से नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों को स्कूल आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के संचालन समय में बदलाव का निर्णय लिया गया। प्रशासन का मानना है कि सुबह के अपेक्षाकृत ठंडे समय में कक्षाएं संचालित होने से विद्यार्थियों को गर्मी के प्रभाव से राहत मिलेगी।

स्कूलों का समय बदलने की मांग प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर से भी उठाई गई थी। संघ के जिलाध्यक्ष प्रवीन शर्मा ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी के कारण विद्यार्थियों को स्कूल में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
इसी को देखते हुए सोमवार को संघ ने जिलाधिकारी मेधा रूपम को ज्ञापन देकर स्कूलों का समय बदलने का अनुरोध किया था। इसके बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने नया समय लागू करने का निर्णय लिया।
नए आदेश के बाद कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों की छुट्टी दोपहर 12 बजे होगी। ऐसे में अभिभावकों को बच्चों के आने-जाने के समय में बदलाव के अनुसार अपनी व्यवस्था करनी होगी। वहीं स्कूलों को भी परिवहन, मध्याह्न भोजन (जहां लागू हो) तथा अन्य दैनिक गतिविधियों को संशोधित समय के अनुरूप संचालित करना होगा।