नोएडा में नए साल के जश्न पर ट्रैफिक अलर्ट, सेक्टर-18 समेत कई मार्ग रहेंगे बंद

30 Dec 2025


>नए साल 2026 के जश्न को देखते हुए नोएडा में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों, विशेषकर सेक्टर-18 में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनज़र नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। इसके तहत 31 दिसंबर से 1 जनवरी 2026 तक पार्किंग, यातायात और डायवर्जन से जुड़े नियम लागू रहेंगे।


>न्यू ईयर सेलिब्रेशन के दौरान सुचारू यातायात सुनिश्चित करने के लिए सेक्टर-18 क्षेत्र में विशेष डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था 31 दिसंबर दोपहर 2 बजे से 1 जनवरी 2026 को रात्रि कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस अवधि में सेक्टर-18 में आने वाले वाहनों को निर्धारित मल्टीलेवल पार्किंग में खड़ा करने की अनुमति होगी।


>डीसीपी ट्रैफिक प्रवीण रंजन ने नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट अवश्य लें और दोपहिया या चारपहिया वाहन लेकर आने से पहले योजना बनाएं। ट्रैफिक संबंधी सहायता के लिए 9971009001 हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि डायवर्जन के दौरान एंबुलेंस और फायर सर्विस जैसी इमरजेंसी सेवाओं को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी।


>मल्टीलेवल पार्किंग तक जाने के मार्ग:
अट्टा चौक से आने वाले वाहन HDFC बैंक कट से पार्किंग तक पहुंच सकेंगे, जबकि गुरुद्वारे के पास एफबीओ से पहले और बाद के कट बंद रहेंगे। रेडिसन होटल तिराहा से भी पार्किंग का रास्ता खुला रहेगा। डीएलएफ मॉल, लॉजिक्स सिटी सेंटर और स्काई वन व स्टर्लिंग मॉल में आने वाले वाहन अपनी-अपनी मॉल पार्किंग का उपयोग करेंगे। सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के नीचे का कट आने के लिए बंद रहेगा।


>पार्किंग से बाहर निकलने के मार्ग:
मल्टीलेवल पार्किंग से बाहर निकलने के लिए सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के नीचे बने कट और मोज़ेक होटल के पास के कट खुले रहेंगे। जीआईपी-गार्डन गैलेरिया आने वाले वाहन सेक्टर-37 में पार्किंग करेंगे। गुलशन मॉल-135 और गौर सिटी मॉल के आसपास सार्वजनिक स्थानों पर वाहन खड़ा करने पर चालान की कार्रवाई की जाएगी।