नोएडा के एक्सप्रेसवे थाना क्षेत्र स्थित सेक्टर-168 के एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में काम करने वाली 33 वर्षीय महिला की कथित रूप से पति के साथ हुए विवाद के बाद मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पैसों को लेकर हुए विवाद के दौरान पति ने महिला के साथ मारपीट की और उसे धक्का दिया। धक्का लगने से महिला का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में आरोपी पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। वह घटना के बाद से फरार है।
एक्सप्रेसवे थाना प्रभारी निरीक्षक अमित खारी के अनुसार, मृतका की पहचान गीता कुमारी (33) के रूप में हुई है। वह झारखंड की रहने वाली थीं और अपने पति देना लोहरा के साथ सेक्टर-168 स्थित एक निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में मजदूरी करती थीं।
पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात पति-पत्नी के बीच पैसों को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान पति ने गीता कुमारी के साथ मारपीट की और उन्हें धक्का दे दिया। इससे उनका सिर पास की दीवार से टकरा गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एक्सप्रेसवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जाएगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए हैं।
पुलिस ने आरोपी पति देना लोहरा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे की विवेचना की जाएगी।