एनसीआर के नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में आंधी-तूफान और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। दादरी क्षेत्र सहित कई गांवों में 20 से अधिक बिजली के खंभे टूटने से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बुधवार से शुरू हुई तेज आंधी और बारिश का असर गुरुवार तक बना रहा। दादरी, रबूपुरा और जेवर क्षेत्र के कई गांवों में पूरे दिन बिजली आपूर्ति ठप रही, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगहों पर इन्वर्टर भी जवाब दे गए।
तेज हवाओं और बारिश के कारण पेड़ गिरने से बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचा, जिससे 20 से अधिक पोल टूट गए और दो दर्जन से अधिक गांवों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली विभाग के अनुसार मरम्मत कार्य तत्काल शुरू किया गया और लगभग 3 से 5 घंटे के भीतर कई इलाकों में सप्लाई बहाल कर दी गई।
अधिशासी अभियंता अश्वनी कुमार के मुताबिक, आंधी-तूफान के कारण व्यापक नुकसान हुआ, लेकिन टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया।
मौसम में बदलाव के चलते जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं तेज हवाओं और बारिश से किसानों को नुकसान हुआ है। कई गांवों में गेहूं की फसल प्रभावित होने की सूचना है। प्रभावित क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था और नुकसान का आकलन जारी है।