उम्मीद है पीछे नहीं हटेंगे..., राजभर ने सपा अध्यक्ष को इस सीट से चुनाव लड़ने का दिया चैलेंज

12 Oct 2026

UP Politics: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर फिर करारा निशाना साधा है। श्री राजभर ने सपा अध्यक्ष को अयोध्या या जहूराबाद विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरने की चेतावनी दी है। चुनाव लड़ने का चैलेंज देते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि उम्मीद है कि वह इससे कभी पीछे नहीं हटेंगे।

श्री राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सोमवार को एक पोस्ट शेयर किया। पोस्ट में सुभासपा प्रमुख राजभर ने लिखा कि इतिहास गवाह है कि ललकार कर मैदान से भाग जाने वाले को भगोड़ा ही कहा जाता है। श्री राजभर ने आगे लिखा कि यूपी की अयोध्या और जहूराबाद दोनों ही विधानसभा सीट अखिलेश यादव को पुकार रहे हैं। यूपी में विधानसभा चुनाव में काफी समय है लेकिन इससे पहले राजनीतिक सरगर्मिंया तेज हो गयी है। सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के इस बयान के सामने आने के बाद सियासत में चुनावी चुनौती को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

श्री राजभर ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर बड़े-बड़े दावे करने और जरूरी मुद्दों पर रुख न अपनाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि अगर सपा प्रमुख को बयान ही देना है, तो फिर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और एक महिला नेता के बीच हुए विवाद पर भी प्रतिक्रिया देनी चाहिए। इमरान मसूद से जुड़े विवाद का भी उल्लेख करते हुए राजभर ने सवाल उठाया कि उनके गिरेबान पर हाथ डालना सही था या नहीं। 

दरअसल इस यूपी में सियासत में इस बयानबाजी की शुरुआत तब हुई, जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनपद अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली थी। सपा अध्यक्ष के इस बयान के पलटवार में सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में आयोजित हुई एक रैली में उन्हें अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज किया। मुख्यमंत्री ने करारा पलटवार करते हुए कह कि चेलों से लड़ने के जगह आमने-सामने का मुकाबला होना चाहिए। उन्होंने कहा कि दोनों को इस सीट से मैदान में उतरना चाहिए। 

एआईएमआईएम चीफ ने भी किया जुबानी वार  
इस बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी का भी इस बहस पर बयान सामने आया है। यूपी के आजमगढ़ जिले में आयोजित हुई एक रैली में शामिल हुए एआईएमआईएम चीफ ने इस मामले पर बोलते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ को संभल और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को गोरखपुर जनपद से विधानसभा चुनाव लड़ने का चैलेंज दे डाला।