प्रतापगढ़ में ड्रग्स माफिया पर चला पुलिस का डंडा: 2 करोड़ कैश, स्मैक-गांजा बरामद, नोट गिनने को मंगानी पड़ी मशीनें

09 Nov 2025


>नशे के कारोबार पर यूपी पुलिस की सख्ती एक बार फिर रंग लाई है। प्रतापगढ़ जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के मुंदीपुर गांव में ड्रग्स माफिया राजेश मिश्रा के घर पर पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने संयुक्त छापेमारी कर 2 करोड़ रुपये से अधिक नकदी, 6 किलो गांजा और 577 ग्राम स्मैक बरामद की।


>इतनी भारी मात्रा में नोट मिलने के बाद पुलिस को कैश गिनने के लिए मशीनें बुलानी पड़ीं, और दर्जनों पुलिसकर्मी लगातार 24 घंटे तक नोट गिनते रहे। यह कार्रवाई शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हुई और देर रात तक चलती रही।


>जांच में पता चला है कि यह पूरा ड्रग्स नेटवर्क जेल के अंदर से संचालित हो रहा था। राजेश मिश्रा पहले ही जेल में बंद है और उसके परिवार के लोग इस अवैध कारोबार को आगे बढ़ा रहे थे। पुलिस ने राजेश मिश्रा की पत्नी रीना, बेटा विनायक, बेटी कोमल, और दो अन्य आरोपि यश मिश्रा व अजीत मिश्र को गिरफ्तार कर लिया।


>बरामदगी और कार्रवाई


>एसपी दीपक भूकर ने बताया कि पुलिस पहले भी राजेश मिश्रा की ₹3 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क कर चुकी है। उसकी पत्नी रीना हाल ही में जेल से बाहर आई थी और फिर से ड्रग तस्करी में सक्रिय हो गई।


>SP ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में भारी कैश बरामद होने के बाद आयकर विभाग को सूचना भेज दी गई है। गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है और आरोपियों पर पहले से ही 14 से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस टीम को इस सफलता के लिए ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया है।