समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार के वीआईपी गंगा घाट पर पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में प्रवाहित की गईं। अस्थि विसर्जन के लिए परिवार सुबह हरिद्वार पहुंचा। इस दौरान पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा, शिवपाल सिंह यादव के सांसद पुत्र आदित्य यादव, अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन समेत परिवार के करीबी सदस्य मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी और पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी करते दिखाई दिए।
अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया तीर्थ पुरोहितों की देखरेख में संपन्न कराई गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा में अस्थियां प्रवाहित की गईं। इस दौरान मीडिया की मौजूदगी भी घाट पर रही, हालांकि अपर्णा यादव ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और किसी प्रकार की बातचीत नहीं की।
योग गुरु बाबा रामदेव भी हरिद्वार पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे। उन्होंने प्रतीक यादव के असमय निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे परिवार के लिए बड़ी क्षति है। बाबा रामदेव ने कहा कि प्रतीक यादव गौसेवा और सनातन धर्म से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहते थे। उन्होंने कहा कि वह शारीरिक रूप से काफी स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने वाले व्यक्ति थे तथा गौशाला संचालन से भी जुड़े हुए थे। ऐसे में उनका अचानक निधन सभी को पीड़ा देने वाला है।
तीर्थ पुरोहित शैलेश मोहन ने बताया कि सनातन परंपराओं के अनुसार आत्मा की शांति के लिए वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधियों के साथ अस्थि विसर्जन कराया गया। उन्होंने कहा कि परिवार ने पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ सभी धार्मिक प्रक्रियाएं संपन्न कीं।