पाकिस्तान सुपर लीग - PSL के आगामी सीजन पर आतंकी खतरा मंडराता दिख रहा है। टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले तहरीक-ए-तालिबान - TTP के जमात-उल-अहरार गुट ने चेतावनी जारी कर सुरक्षा चिंताओं को बढ़ा दिया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार PSL 11 की शुरुआत 26 मार्च 2026 से होनी है, लेकिन उससे पहले ही आतंकी संगठन ने बयान जारी कर कहा है कि वह किसी भी कीमत पर लीग के मैच नहीं होने देगा। साथ ही विदेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान न आने की चेतावनी भी दी गई है।
धमकी में कहा गया है कि विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा की कोई गारंटी नहीं दी जा सकती। यह बयान सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा है। संगठन ने यह भी कहा कि वह खेल गतिविधियों के खिलाफ नहीं है, लेकिन मौजूदा हालात में सरकार के दावों से सहमत नहीं है।
दूसरी ओर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इस बार PSL मैच बिना दर्शकों के कराने का निर्णय लिया है। PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी ने पुष्टि की है कि क्षेत्रीय हालात को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।
टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल, डेविड वॉर्नर, स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन सहित कई विदेशी खिलाड़ी भाग लेने वाले हैं। इसके अलावा बांग्लादेश के खिलाड़ी भी इसमें शामिल हैं।
हाल के घटनाक्रमों और क्षेत्रीय तनाव के बीच खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। सुरक्षा कारणों से टूर्नामेंट से जुड़े आयोजनों और व्यवस्थाओं में बदलाव किए गए हैं और हालात पर नजर रखी जा रही है।