महंत राजू दास सहित कई संतों ने आम आदमी पार्टी पर लगाए आरोप

05 Apr 2026

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा को आम आदमी पार्टी द्वारा डिप्टी लीडर पद से हटाए जाने के बाद अयोध्या के साधु-संतों की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास समेत कई संतों ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए चड्ढा का समर्थन किया है।

 

अयोध्या स्थित हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, आप नहीं है, वो भ्रष्टाचार के बाप हैं। जितना पूरे देश में लोगों ने मिलकर भ्रष्टाचार किया होगा, आप समझो इतिहास में पहला ऐसा राजनीतिक दल है जिसकी पूरी पार्टी जेल के अंदर से चलती है। उन्होंने आगे कहा, जिसका खुद मुख्यमंत्री जेल में रहता हो और पूरी कैबिनेट जेल में हो, क्या यह मामूली बात है? भ्रष्टाचार की जननी, पूरे पापियों का बाप ‘आप’ है।

 

महंत राजू दास ने राज्यसभा सांसद संजय सिंह पर भी सवाल उठाते हुए कहा, संजय सिंह बताएं कि उन्होंने ‘जी-राम-जी’ बिल पर किस प्रकार अपशब्दों का प्रयोग किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि राघव चड्ढा पर भी आपत्तिजनक भाषा प्रयोग करने का दबाव बनाया गया। उन्होंने कहा, राघव चड्ढा पार्टी में अच्छे नेता थे और राष्ट्रहित की बात कर रहे थे। उन्होंने अच्छी बात की, इसके लिए उन्हें धन्यवाद देते हैं।

 

वहीं, महंत सीताराम दास ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, राघव चड्ढा को गरीबों और किसानों की आवाज उठाने के कारण पार्टी से हटाया गया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।  उन्होंने आगे कहा, सभी राजनीतिक दलों को राघव चड्ढा के विचारों का समर्थन करना चाहिए, क्योंकि वह सदन में ऐसे मुद्दे उठाते थे जो अन्य लोग नहीं उठाते थे।

 

महंत सीताराम दास ने आम आदमी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि यह आम लोगों की नहीं बल्कि अन्य वर्गों की पार्टी बनकर रह गई है और लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है।

 

अयोध्या के संत वरुण दास ने कहा, राघव चड्ढा ने उच्च सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए, जैसे टेलीकॉम कंपनियों द्वारा 28 दिन के महीने के आधार पर साल में 13 बार रिचार्ज वसूलना, जो नागरिकों के अधिकार से जुड़ा विषय है।  उन्होंने यह भी कहा, एयरपोर्ट पर महंगे खाद्य पदार्थों के मुद्दे को उठाकर उन्होंने आम लोगों के हित की बात की। सांसद का काम देशहित और नागरिक हित के मुद्दे उठाना होता है।

 

 

वरुण दास ने कहा कि आम आदमी पार्टी का गठन आम लोगों के लिए किया गया था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों को देखकर ऐसा प्रतीत नहीं होता। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा को देशभर में समर्थन मिल रहा है।