राहुल गांधी के अमेठी दौरे से पहले तेज हुई सियासी जंग, पोस्टर वार में भाजपा ने सांसद किशोरी लाल शर्मा से मांगा हिसाब

21 May 2026

 

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गाँधी के अमेठी दौरे से पहले जिले का राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। जिले के कई प्रमुख स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों ने कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक टकराव को और तेज कर दिया है। पोस्टरों के माध्यम से वर्तमान सांसद किशोरी लाल शर्मा के दो वर्षों के कार्यकाल पर सवाल उठाए गए हैं, जबकि कांग्रेस ने इसे भाजपा की राजनीतिक रणनीति करार दिया है।

 

अमेठी शहर में कांग्रेस कार्यालय, बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, संजय गांधी अस्पताल मुंशीगंज और कलेक्ट्रेट परिसर समेत कई स्थानों पर लगाए गए पोस्टरों में लिखा गया कि “2 साल किशोरी तुमने लाल क्या किया?” पोस्टरों में आरोप लगाया गया कि सांसद बनने के बाद क्षेत्र में सीमित कार्य हुए हैं। इनमें यह भी दावा किया गया कि सांसद निधि से केवल एक स्कूल बस उपलब्ध कराई गई, जो कांग्रेस नेता के विद्यालय को दी गई, जबकि एक एम्बुलेंस ट्रस्ट द्वारा संचालित अस्पताल को दी गई।

 

कुछ पोस्टरों में वर्तमान सांसद के कार्यकाल की तुलना पूर्व सांसद स्मृति ईरानी के कार्यकाल से भी की गई। पोस्टरों में दावा किया गया कि स्मृति ईरानी ने अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में अमेठी में व्यापक विकास कार्य कराए थे।

 

भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री विषुव मिश्रा ने कांग्रेस और सांसद किशोरी लाल शर्मा पर सांसद निधि के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सांसद निधि का लाभ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पहुंचाया जा रहा है। उनका आरोप था कि कांग्रेस नेताओं के प्रभाव में स्कूल को बस और अस्पताल को एम्बुलेंस उपलब्ध कराई गई। उन्होंने कहा कि गांधी परिवार और किशोरी लाल शर्मा की कार्यशैली समान है तथा अमेठी में सांसद निधि का सही उपयोग नहीं हो रहा है।

 

विषुव मिश्रा ने पोस्टर लगाने वालों की सराहना करते हुए कहा कि इन पोस्टरों ने अमेठी की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखने का काम किया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जो कार्य कांग्रेस परिवार दशकों में नहीं कर सका, वह स्मृति ईरानी ने अपने कार्यकाल में पूरा किया।

 

वहीं कांग्रेस ने भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए माहौल खराब करने का आरोप लगाया है। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट प्रांजल तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता राजनीतिक नाटक और विरोध प्रदर्शन के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद स्मृति ईरानी का कार्यकाल केवल दिखावे तक सीमित रहा और विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल सकी।

 

प्रांजल तिवारी ने कहा कि राहुल गांधी के कार्यकाल में प्रस्तावित कई योजनाओं पर केवल शिलापट्ट लगाकर उद्घाटन किए गए, जबकि वास्तविक कार्यों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि गांधी परिवार और अमेठी का रिश्ता पीढ़ियों पुराना है, जिसे पोस्टर वार या विरोध प्रदर्शन से प्रभावित नहीं किया जा सकता।

 

उन्होंने यह भी कहा कि सांसद किशोरी लाल शर्मा लंबे समय से अमेठी और रायबरेली की जनता के बीच सक्रिय रहे हैं तथा सांसद बनने के बाद लगातार क्षेत्र में मौजूद रहकर लोगों की समस्याओं को सुन रहे हैं।

 

राहुल गांधी के आगमन से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने गौरीगंज स्थित सब्जी मंडी तिराहे पर विरोध प्रदर्शन भी किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बैनर और तख्तियां लेकर राहुल गांधी और किशोरी लाल शर्मा के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान “राहुल गांधी जवाब दो, अपने पीए का हिसाब दो” और “किशोरी लाल दो साल का हिसाब दो” जैसे नारे लगाए गए।

 

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अमेठी में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हुए हैं और क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं अभी भी बनी हुई हैं। विरोध प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष आशा बाजपेई, निमिषा त्रिपाठी, पूर्व मंडल अध्यक्ष अजय तिवारी, अधिवक्ता गिरजा शंकर शुक्ला, जिला महामंत्री विषुव मिश्रा, अंशु तिवारी और अरुण मिश्रा समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।