राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: पहली बार बोले महंत नृत्य गोपाल दास, कहा- घटना से बेहद आहत हूं, दोषियों को मिले कड़ी सजा

06 Jul 2026

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावे, बहुमूल्य आभूषणों और रत्नों की कथित चोरी के मामले में आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उठ रहे सवालों के बीच पहली बार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की प्रतिक्रिया सामने आई है। ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक से पहले उन्होंने एक पत्र जारी कर घटना पर गहरा दुख जताया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

महंत नृत्य गोपाल दास ने अपने पत्र में कहा कि मंदिर में चोरी की घटना से वह अत्यंत आहत हैं। उन्होंने लिखा कि जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया है, उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने अपील की कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़े इस मामले को राजनीतिक विवाद का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक मंगलवार को दोपहर तीन बजे आयोजित की जानी है। पहले यह बैठक मणिराम दास की छावनी परिसर में प्रस्तावित थी, लेकिन बाद में इसका स्थान बदलकर श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, अस्वस्थ चल रहे महंत नृत्य गोपाल दास बैठक में वर्चुअल माध्यम से शामिल हो सकते हैं। बैठक में ट्रस्ट से जुड़े विभिन्न विषयों के साथ हाल में सामने आए चोरी के मामले पर भी चर्चा होने की संभावना है।

अपने पत्र में महंत नृत्य गोपाल दास ने कहा कि मंदिर में हुई चोरी की घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को व्यक्तिगत या राजनीतिक लाभ के लिए इस प्रकरण का उपयोग नहीं करना चाहिए।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भरोसा जताते हुए कहा कि इस मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

श्रीराम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों से चढ़ावे और बहुमूल्य आभूषणों की कथित चोरी के मामले में पुलिस अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मंदिर प्रबंधन व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चा तेज हुई है। इसी बीच ट्रस्ट अध्यक्ष की ओर से जारी बयान को इस पूरे घटनाक्रम पर पहली आधिकारिक प्रतिक्रिया माना जा रहा है।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य दिनेंद्र दास ने भी चोरी के मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शासन, अयोध्या के जिलाधिकारी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री इस मामले की पैरवी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत जो भी कठोरतम कार्रवाई होगी, उस पर ट्रस्ट को कोई आपत्ति नहीं होगी।