अयोध्या में राम मंदिर निर्माण अंतिम चरण में, अप्रैल तक पूरा होगा काम - सुरक्षा और दर्शन पर बड़ा फोकस

21 Mar 2026

राम नगरी अयोध्या में राम मंदिर भवन निर्माण समिति की बैठक अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अंतर्राष्ट्रीय राम कथा संग्रहालय में आयोजित इस बैठक में निर्माण कार्य, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं के दर्शन से जुड़े अहम विषयों पर चर्चा की जा रही है।

 

भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा के अनुसार मंदिर परिसर के अधिकांश निर्माण कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। बैठक में वेंडर्स के भुगतान, तैयार भवन के दस्तावेजों के हस्तांतरण सहित करीब 50 महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। लक्ष्य रखा गया है कि इन सभी प्रक्रियाओं को अप्रैल तक पूरा कर लिया जाए।

 

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष फोकस किया जा रहा है। मंदिर परिसर के चारों ओर लगभग 4 किलोमीटर लंबी सुरक्षा दीवार का निर्माण जारी है। इसके साथ ही 25 वॉच टावर बनाए जाने की योजना है, जिनके डिजाइन को पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा के बाद अंतिम रूप दिया गया है।

 

बैठक में अंतर्राष्ट्रीय राम कथा गैलरी में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीकों, स्क्रिप्ट और टेंडर प्रक्रिया पर भी चर्चा की जा रही है। वहीं ट्रस्ट की अलग बैठक में परिसर और परकोटे के सभी मंदिरों को श्रद्धालुओं के लिए खोलने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है। निर्माण कार्यों के अंतिम चरण के साथ ही अप्रैल से संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपे जाने की प्रक्रिया शुरू होगी।