रामनगर बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

15 May 2026

तहसील सभागार रामनगर में शुक्रवार को बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष सहित सभी नव निर्वाचित पदाधिकारियों को वरिष्ठ अधिवक्ता जुगल किशोर मिश्रा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह के दौरान एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन राकेश कांत मिश्रा ने निर्वाचित पदाधिकारियों को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान कर शुभकामनाएं दीं।

 

शपथ लेने वाले पदाधिकारियों में तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शिव प्रकाश अवस्थी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बीडी खान, महामंत्री कमलापति तिवारी, उपाध्यक्ष गिरजेश कुमार शुक्ला, चैतन्य नारायण और देवकली प्रसाद रावत शामिल रहे। संयुक्त मंत्री पद के लिए अरुण कुमार श्रीवास्तव, अवनीश कुमार मिश्रा और हंसराज प्रजापति ने शपथ ली, जबकि गुरुदेव मिश्रा कोषाध्यक्ष बने। कार्यकारिणी सदस्यों में रामकुमार मिश्र, नवीन चंद्र जैन, अरुण कुमार सिंह, भगवान दीन चौधरी, ब्रजेश कुमार पांडेय, अरविंद तिवारी, महेश सिंह, हरिनाम यादव, मो. कासिम, ललित तिवारी, चंदन मणि तिवारी, जीतेन्द्र सिंह और पुनीत कुमार शामिल रहे।

 

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार केपी तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि यह शपथ ग्रहण समारोह केवल पदभार ग्रहण करने का अवसर नहीं, बल्कि न्याय, सत्य और संविधान के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज लोकतंत्र का एक सशक्त स्तंभ है, जो आमजन को न्याय दिलाने की लड़ाई में अग्रिम पंक्ति में खड़ा रहता है।

 

इसके साथ ही मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शरद अवस्थी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिवक्ताओं की प्राथमिकता न्यायिक ईमानदारी के साथ कार्य करना और पीड़ितों को न्याय दिलाना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अपने दायित्वों का बेहतर ढंग से निर्वहन करें और अधिवक्ता समाज के हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।

 

ग्राम न्यायालय के न्यायाधीश रविंद्र रावत ने अपने संबोधन में कहा कि अधिवक्ताओं की भूमिका न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने नव निर्वाचित टीम को ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं एसडीएम आनंद तिवारी ने कहा कि न्यायपालिका से आम लोगों की अपेक्षाएं जुड़ी रहती हैं और न्याय दिलाने की प्रक्रिया में अधिवक्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

 

जिला बार एसोसिएशन के अधिवक्ता रितेश मिश्रा ने अधिवक्ताओं से हर परिस्थिति में एकजुट रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता समाज की मजबूती उसकी एकता और सामूहिक प्रयासों में निहित होती है।

 

समारोह में केपी तिवारी, राकेश कांत मिश्रा, कौशल किशोर त्रिपाठी, रितेश मिश्रा, श्रवण सिंह, बद्री विशाल त्रिपाठी, राधा कांत शुक्ला, सतीश चंद्र शुक्ला, अनिल दीक्षित, राजकिशोर रावत, बालमणि मुकुंद गुप्ता, कुलदीप शुक्ला, रामचंद्र शुक्ल और एसपी मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट रामकुमार सोनी ने किया।