पत्नी बोली 15 दिन पति संग और 15 दिन प्रेमी संग रहूंगी

27 Aug 2025

रामपुर जिले से एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी है। अजीमनगर थाना क्षेत्र की पंचायत में एक विवाहिता ने सबके सामने ऐसा प्रस्ताव रखा जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। महिला ने साफ कहा कि वह महीने के 15 दिन अपने पति और 15 दिन अपने प्रेमी के साथ बिताना चाहती है।

जानकारी के अनुसार, लगभग डेढ़ साल पहले युवती की शादी पड़ोसी गांव के एक युवक से हुई थी। लेकिन शादी के कुछ ही समय बाद उसका टांडा क्षेत्र के एक युवक से प्रेम संबंध शुरू हो गया। बीते एक साल में वह अपने प्रेमी के साथ करीब 10 बार घर से भाग चुकी है। हर बार पंचायत और पुलिस ने हस्तक्षेप कर उसे पति के पास भेजा, लेकिन स्थिति बार-बार वैसी ही बनी रही। आठ दिन पहले विवाहिता अपने प्रेमी संग दसवीं बार भाग गई। परेशान पति ने अजीमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला को प्रेमी के घर से बरामद कर पति के हवाले किया। लेकिन महिला महज एक रात पति के घर रही और अगली सुबह फिर प्रेमी के पास चली गई।

जब पति अपनी पत्नी को समझाने प्रेमी के घर पहुंचा तो पंचायत बुलाई गई। यहां पति ने पत्नी से घर लौटने की गुहार लगाई, लेकिन महिला ने सबको चौंकाते हुए कहा "मैं दोनों के साथ रहना चाहती हूं। महीने में 15 दिन पति के घर और 15 दिन प्रेमी के घर बिताऊंगी।" महिला की इस बात से पंचायत भी हैरान रह गई और वहां मौजूद लोग दंग रह गए। पत्नी की शर्त सुनकर पति बेहद निराश हो गया। उसने सबके सामने हाथ जोड़कर कहा "मुझे माफ करो, अब तुम अपने प्रेमी के साथ ही रहो।"

महिला का यह अनोखा '15-15 दिन का फॉर्मूला' पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि उन्होंने अपने जीवन में ऐसा मामला पहली बार देखा है।