>2022 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कांतारा' की जबरदस्त सफलता के बाद दर्शक बेसब्री से इसके प्रीक्वल का इंतजार कर रहे थे। अब आखिरकार, होम्बले फिल्म्स की सबसे बड़ी परियोजना 'कांतारा: चैप्टर 1' का ट्रेलर रिलीज हो गया है और यह ट्रेलर दर्शकों की उम्मीदों पर खरा उतरा है। रोमांचक विजुअल्स, दमदार एक्शन और इमोशनल कहानी के संगम से यह ट्रेलर हर स्तर पर दिल छू रहा है।
>
>पैन-इंडिया स्टार प्रभास ने भी ट्रेलर की खूब तारीफ की है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पर ट्रेलर शेयर करते हुए लिखा, “कांतारा चैप्टर 1 का ट्रेलर सचमुच दमदार और ग्रैंड है। विजय किरगंदुर, ऋषभ शेट्टी और पूरी टीम को बधाई और शुभकामनाएं। 2 अक्टूबर का इंतज़ार नहीं हो रहा, यह फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित होने वाली है।” प्रभास की यह प्रतिक्रिया दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्साह और बढ़ा रही है।
>'कांतारा: चैप्टर 1' की क्रिएटिव टीम में म्यूजिक डायरेक्टर बी. अजनीश लोकनाथ, सिनेमैटोग्राफर अरविंद कश्यप और प्रोडक्शन डिज़ाइनर विनेश बंग्लान शामिल हैं। इनकी मेहनत और क्रिएटिव विज़न ने फिल्म को न केवल विजुअली ग्रैंड बनाया है बल्कि कहानी के भावनात्मक पहलू को भी प्रभावशाली रूप से उभारा है।
>होम्बले फिल्म्स ने इस फिल्म के लिए नेशनल और इंटरनेशनल स्पेशलिस्ट के साथ मिलकर वॉर सीक्वेंस तैयार किया है। इस सीक्वेंस में 500 से ज़्यादा कुशल फाइटर्स और 3,000 लोग शामिल हैं। इसे 25 एकड़ में फैले ऊबड़-खाबड़ इलाके में 45-50 दिनों में शूट किया गया, जो इसे भारतीय सिनेमा के इतिहास के सबसे बड़े और चुनौतीपूर्ण सीक्वेंसेज में से एक बनाता है।
>'कांतारा: चैप्टर 1' 2 अक्टूबर को दुनिया भर में कन्नड़, हिंदी, तेलुगु, मलयालम, तमिल, बंगाली और अंग्रेजी में रिलीज होगी। फिल्म अपनी कल्चरल जड़ों से जुड़े रहते हुए विभिन्न भाषाओं और क्षेत्रों के दर्शकों तक पहुंचेगी। यह फिल्म न केवल 2022 की ब्लॉकबस्टर हेरिटेज को आगे ले जाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है, बल्कि भारतीय सिनेमा की सीमाओं को भी नया आयाम दे रही है।