युवक की संदिग्ध मौत के बाद सड़क पर उतरे परिजन, कई घंटे तक लगा जाम; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही पुलिस

01 Aug 2026

राजधानी दिल्ली के रोहिणी इलाके में 30 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद शनिवार को जमकर विरोध प्रदर्शन हुआ। मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने सड़क पर गद्दे और बिस्तर डालकर कई घंटों तक रास्ता जाम रखा तथा मकान मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। बाद में प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात बहाल कराया गया।

पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना अभी जल्दबाजी होगी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 30 वर्षीय गणेश के रूप में हुई है, जो रोहिणी के बुद्ध विहार इलाके में किराये के मकान में रहता था। शुक्रवार रात उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने मकान मालिक पर गणेश की पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी उनके समर्थन में आ गए।

यह खबर भी पढ़े - चार्जिंग के दौरान धधक उठी इलेक्ट्रिक बस, देखते ही देखते राख हुई बस और चार मोटरसाइकिलें

गणेश की मौत से नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने बुद्ध विहार फेज-1 से कंझावला रोड पर धरना देकर सड़क जाम कर दी। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं सहित कई लोग सड़क पर बैठ गए, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात कई घंटे तक प्रभावित रहा।

स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की, जिसके बाद सड़क से अवरोध हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार शुक्रवार रात गणेश कुछ लोगों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान वहां मौजूद अन्य किरायेदारों ने उसे जमीन पर औंधे मुंह पड़ा देखा और इसकी सूचना उसके परिजनों को दी।

इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में शव पर किसी प्रकार के स्पष्ट बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक की मौत मारपीट, किसी चिकित्सीय कारण या किसी अन्य वजह से हुई है। मौत के कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर ही की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है और जांच के दौरान हर पहलू की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से मामले को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने और वैज्ञानिक साक्ष्य सामने आने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।