प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों में आई रूचिका सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर पूरे देश से माफी मांगती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान उन्होंने खुद को 15 वर्ष की बताते हुए कहा कि उनसे गलती हुई है और वह अपने बयान पर शर्मिंदा हैं। हालांकि, इस दावे ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, क्योंकि इस मामले में दर्ज एफआईआर में उनकी उम्र 25 वर्ष दर्ज है।
रूचिका सिंह का यह वीडियो ऐसे समय सामने आया है, जब उनके खिलाफ प्रधानमंत्री पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पहले से कानूनी कार्रवाई चल रही है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद उनकी उम्र को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
वायरल वीडियो में रूचिका सिंह कहती सुनाई दे रही हैं, "मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैंने जो कुछ भी किया, वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत सी बुरी बातें कही हैं।" उन्होंने इसे अपनी पहली और आखिरी गलती बताते हुए कहा कि उन्हें अपने व्यवहार पर शर्मिंदगी है और वह पूरे देश से क्षमा मांगती हैं।
वीडियो में वह आगे कहती हैं कि वह खुद का चेहरा तक नहीं देख पा रही हैं और लोगों से उन्हें माफ करने की अपील करती हैं। वीडियो में वह साधारण टी-शर्ट पहने नजर आती हैं और पूरे समय हाथ जोड़कर अपनी बात रखती दिखाई देती हैं।
यह मामला नीट पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान दिए गए कथित बयान से जुड़ा है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान रूचिका सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और मामला पुलिस तक पहुंच गया। शिकायत मिलने के बाद नोएडा पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
रूचिका सिंह के नए वीडियो में खुद को 15 वर्ष का बताने के बाद उनकी उम्र को लेकर सवाल उठने लगे हैं। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में रूचिका सिंह की उम्र 25 वर्ष दर्ज की गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर उनके खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। ऐसे में वायरल वीडियो में किए गए उम्र संबंधी दावे और एफआईआर में दर्ज विवरण के बीच अंतर चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
मामले के सामने आने के बाद नोएडा के एक सैलून संचालक ने भी रूचिका सिंह से जुड़ी जानकारी साझा की है। सैलून संचालक टी.पी. त्रिपाठी के अनुसार, करीब एक माह पहले एक युवती उनके सेक्टर-135 स्थित सैलून में नेल आर्ट सीखने के लिए आई थी।
उनके मुताबिक, युवती ने अपना नाम मैनसिल जैन बताया था और तीन महीने के प्रशिक्षण के लिए आवेदन किया था। प्रशिक्षण प्रक्रिया के दौरान उससे पहचान संबंधी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन उसने आधार कार्ड उपलब्ध नहीं कराया।
सैलून संचालक का कहना है कि दस्तावेज जमा कराने के लिए कई बार कहने के बावजूद वह हर बार अलग-अलग कारण बताती रही। इसके बाद सख्ती बरतने पर उसने लगभग नौ दिन बाद ही प्रशिक्षण छोड़ दिया।
रूचिका सिंह का माफी वाला वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर तेजी से साझा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं, पुलिस की ओर से मामले में पहले से दर्ज मुकदमे की जांच जारी है।
PM मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली रूचिका सिंह ने मांगी माफी#PMMODI #Ruchikasingh #Noida pic.twitter.com/2UjR1nIrMv
— Kapil Kumar (@KapilKumar77025) August 1, 2026