>आज देशभर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त लखनऊ के निर्देश पर थाना चिनहट पुलिस और डायमंड पब्लिक स्कूल चिनहट के छात्रों ने मिलकर एकता और देशभक्ति का संदेश दिया।
>“रन फॉर यूनिटी” कार्यक्रम की शुरुआत थाना चिनहट से की गई, जिसमें पुलिसकर्मियों, विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौड़ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, समरसता और अनुशासन की भावना को मजबूत करना था।
>दौड़ एल्डको तिराहे पर पहुंचकर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों के साथ संपन्न हुई। इस मौके पर पुलिसकर्मियों ने बच्चों को सरदार पटेल के योगदान और भारत के एकीकरण में उनकी भूमिका के बारे में बताया।