महाकुंभ के दौरान चर्चा में आई मोनालिसा और फरमान की शादी को लेकर हिन्दूवादी नेता साध्वी प्राची ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बागपत में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने इस विवाह को ‘लव जिहाद’ बताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की।
साध्वी प्राची ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से हुई दोस्ती के बाद मोनालिसा और फरमान का विवाह हुआ है, लेकिन इस पूरे प्रकरण की जांच होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में पीएफआई (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मोनालिसा की लोकप्रियता बढ़ने के बाद उस पर कुछ संगठनों की नजर थी और उसी के तहत उसे निशाना बनाया गया। साध्वी प्राची ने यह भी सवाल उठाया कि दोनों ने उत्तर प्रदेश या दिल्ली के बजाय केरल में विवाह क्यों किया।
साध्वी प्राची ने फरमान और उसके परिवार की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि यदि किसी प्रकार का षड्यंत्र सामने आता है तो कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फरमान ने मोनालिसा के पिता के साथ दुर्व्यवहार किया है और इस मामले में भी जांच होनी चाहिए।
फिलहाल मोनालिसा और फरमान की शादी को लेकर बागपत क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है और विभिन्न संगठनों की ओर से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।