बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर कटरा गांव में अचानक से हड़कंप मच गया जिसकी वजह 22 वर्षीय युवक आसिफ का नदी किनारे पड़ा हुआ शव था जानकारी के मुताबिक़ मृतक आसिफ की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह उसका शव पड़ोसी गांव चौखंडी में ईदगाह के पीछे कल्याणी नदी किनारे मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है।
रामपुर कटरा निवासी मो. वैस फेरी लगाकर कपड़ा बेचने का काम करते हैं। उनके छह बच्चों में सबसे छोटा बेटा आसिफ है, जो हैदराबाद में वेल्डिंग का काम करता था और इन दिनों गांव आया हुआ था। परिजनों के अनुसार शुक्रवार शाम वह घर से निकला था और रात करीब 10 बजे तक मोहल्ले में देखा गया। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया। परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
शनिवार सुबह करीब एक किलोमीटर दूर चौखंडी गांव में ईदगाह के पीछे कल्याणी नदी के किनारे उसका शव पड़ा मिला। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट हुआ कि उसकी डंडों से पिटाई कर हत्या की गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने गांव के अकील, उसके पुत्र तौफीक और फहीम, आलिम व सहीम नामक तीन सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब पांच बजे आसिफ का गांव के कुछ लोगों से विवाद हुआ था, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।
प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। गांव में चर्चा है कि आसिफ का संबंध आरोपियों के परिवार की एक युवती से था, जिसको लेकर विवाद बढ़ा और घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि कुछ लोग यह भी कह रहे हैं कि आरोपियों का संबंध मृतक के परिवार की एक लड़की से था। पुलिस दोनों पहलुओं की जांच कर रही है। सफदरगंज थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया के अनुसार, मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।