शिकायतों पर सीधी कार्रवाई: जिलाधिकारी ने मलिहाबाद में दिलाई राहत, लापरवाह अभियंता पर कार्रवाई

21 Jun 2025


>जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की सरकार की मंशा के तहत शुक्रवार को मलिहाबाद तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी श्री विशाख जी की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस मौके पर पांचों तहसीलों में कुल 567 जन शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 117 मामलों का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।


>जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य है - स्थानीय स्तर पर त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध शिकायत निस्तारण। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग एक सप्ताह की समयसीमा में प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।

मलिहाबाद में 125 में से 45 शिकायतों का मौके पर निस्तारण


>मलिहाबाद तहसील में कुल 125 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 45 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को भेजते हुए निर्देशित किया गया है कि वे 7 दिन के भीतर समस्या का समाधान कर फीडबैक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

तहसीलवार निस्तारण विवरण:


>प्राप्त शिकायतों में पुलिस विभाग की 103, राजस्व विभाग की 302, विकास कार्यों की 51, स्वास्थ्य, शिक्षा, समाज कल्याण और अन्य विभागों की 111 शिकायतें प्रमुख रहीं।

निर्माण कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई


>नगर पंचायत मलिहाबाद में पेयजल पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत न होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल निगम नगरीय के अवर अभियंता श्री शशांक वर्मा से स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने निर्देश दिए कि जब तक सड़क मरम्मत नहीं हो जाती, अभियंता का वेतन रोका जाएगा।

शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना होगा अनिवार्य


>जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि हर निस्तारित शिकायत पर संबंधित अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता से कॉल कर फीडबैक लें, साथ ही निस्तारण का वीडियो व फोटो सबूत सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें।


>समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी श्री अजय जैन, ज्वॉइंट मजिस्ट्रेट, एसडीएम मलिहाबाद श्री अंकित कुमार, तहसीलदार व पुलिस विभाग के अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।