बिहार में जारी सियासी हलचल के बीच सम्राट चौधरी ने बुधवार को राज्य के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली। राज्यपाल अता हसनैन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस मौके पर जनता दल यूनाइटेड के वरिष्ठ नेता बिजेंद्र यादव और विजय कुमार चौधरी ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा, जेडीयू समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
सम्राट चौधरी, बिहार में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्हें मंगलवार (14 अप्रैल) को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया था, जिसके बाद उन्होंने राज्यपाल के समक्ष सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इससे पहले नितीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। अपने इस्तीफे की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने राज्यपाल को अपना त्यागपत्र सौंप दिया है और नई सरकार को पूरा सहयोग देंगे।
शपथ ग्रहण से पहले सम्राट चौधरी ने पंचरूप हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद वह शपथ समारोह के लिए रवाना हुए। बिहार विधानसभा में एनडीए के कुल 202 विधायक हैं, जिसके आधार पर नई सरकार का गठन हुआ है।